सिविक एक्शन के तहत सीआरपीएफ की 06 बटालियन ने दिया मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। धर्मनगरी में 15 सालों से तैनात सीआरपीएफ की 06 बटालियन की ओर से सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। श्रीमाता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सहित कई अन्य जनकल्याण के कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में वीरवार को पैंथल ब्लॉक के ग्रामीण सरकारी स्कूलों के 27 छात्राओं को भारत भ्रमण पर रवाना किया। सीआरपीएफ के कमांडेंट ने हरी झंडी दिखाई।
इन 27 छात्राओं में हायर सेकेंडरी स्कूल पैंथल सहित मिडिल स्कूल चक भागता, मिडिल स्कूल पैंथल और मिडिल स्कूल सूल आदि की छात्राएं शामिल हैं। भारत दर्शन के लिए सीआरपीएफ इंस्पेक्टर के नेतृत्व में 27 छात्राएं सहित दो महिला अध्यापक एक सीआरपीएफ के अधिकारी सहित 30 लोग रवाना हुए। छात्राएं 26 व 27 अप्रैल को दिल्ली में ऐतिहासिक धरोहरों का भ्रमण करेंगी। इसके उपरांत राजस्थान में पिंक सिटी जयपुर, अजमेर आदि प्रसिद्ध स्थानों का दौरा करेंगी। एक मई को छात्राएं दिल्ली पहुंचेगी और वहां से हवाई जहाज के लिए जम्मू के लिए रवाना होंगी। एक मई को इन छात्राओं का कटड़ा में सीआरपीएफ मुख्यालय स्थित योग आश्रम में स्वागत किया जाएगा। इस मौके दितीय कमांडेंट सीआरपीएफ 06 बटालियन राजेश शर्मा, राजपाल सिंह, भानू प्रताप सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।