उधमपुर। जेके बोर्ड की 28 मार्च को आयोजित होने वाली कक्षा 12वीं की मनोविज्ञान और भूगोल विषय की परीक्षा के लिए शिक्षकों ने विद्यार्थियों के विशेष मार्गदर्शन दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि आत्मविश्वास और सही रणनीति के साथ छात्र बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
सहायक प्रोफेसर ईशा गोहिल के अनुसार मनोविज्ञान ऐसा विषय है जिसे रटने के बजाय समझना जरूरी है। छात्र मानव व्यवहार, पाठन, स्मृति, व्यक्तित्व, बुद्धि और मनोवैज्ञानिक विकार जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने सलाह दी कि अवधारणाओं को जितना हो सके दैनिक जीवन से जोड़कर समझें और छोटे-छोटे नोट्स बनाकर पढ़ाई करें। मुख्य रूप से एनसीईआरटी पुस्तकों पर ध्यान केंद्रित और नियमित रिवीजन करना परीक्षा के लिए सहायक होगा।
मैप वर्क और महत्वपूर्ण अध्याय करें
भूगोल की परीक्षा के लिए संसाधन और विकास, जल स्रोत, कृषि, खनिज और ऊर्जा संसाधन, उद्योग, परिवहन एवं संचार तथा मानव विस्थापन जैसे विषयों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है। शिक्षकों ने मैप वर्क के नियमित अभ्यास पर विशेष जोर दिया है। छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य और एकाग्रता बनाए रखने के लिए पढ़ाई के दौरान मोबाइल का उपयोग कम से कम करने की सलाह दी है। साथ ही 40-45 मिनट की पढ़ाई के बाद थोड़ा समय विश्राम के लिए लें। परिवार के साथ समय बिताएं और सकारात्मक चर्चा करें, जिससे तनाव कम होता है। आत्मविश्वास, सही रणनीति और नियमित अभ्यास से उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। बिना घबराए नियमित रूप से पढ़ाई जारी रखें।