उधमपुर। ब्लॉक जगानू के अंतर्गत आने वाली चोम्पल नाला-सेर-फगाड़ी सड़क के दिन अब जल्द ही बहुरने वाले हैं। पिछले काफी समय से बदहाली का दंश झेल रहे सड़क मार्ग की मरम्मत के लिए प्रशासन ने मंजूरी दे दी है। साढ़े तीन किलोमीटर लंबे हिस्से की हालत सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग ने टेंडर जारी कर दिया है।
सड़क की मरम्मत का कार्य यूटी कैपेक्स योजना के तहत किया जाएगा। परियोजना पर 7.53 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। गौरतलब है कि पिछले साल मानसून के दौरान हुई भारी बारिश और बाढ़ ने सड़क को भारी नुकसान पहुंचाया था। कई स्थानों पर भूस्खलन होने और सुरक्षा दीवारें गिर जाने के कारण मार्ग असुरक्षित हो गया था।
इन क्षेत्रों को होगा सीधा लाभ
सड़क की मरम्मत होने से क्षेत्र की लगभग एक हजार से अधिक की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्य रूप से सलांत, नीली, तंधाल और आसपास के गांवों के लोगों की परेशानी दूर होगी। स्थानीय निवासी सुरजीत सिंह, मोहम्मद असलम, मुमताज और शब्बीर ने बताया कि सड़क क्षतिग्रस्त होने से स्कूली बच्चों और कामकाजी लोगों को दिक्कतें आ रही थीं। हालांकि प्रशासन ने मलबे को हटाकर रास्ता खोल दिया था लेकिन सुरक्षा दीवारों के अभाव में हादसों का डर बना रहता था। अब स्थायी मरम्मत से राहत मिलेगी।
सड़क की मरम्मत के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा ताकि जनता को जल्द सुविधा मिल सके।
-रोहित गुप्ता, एईई, लोक निर्माण विभाग