चिनैनी में जनता दरबार लगाकर विधायक ने सुनी समस्याएं: स्रोत: संवाद
- लोगों ने पानी की किल्लत, सड़कों की खस्ताहाल, स्कूलों में शिक्षकों की कमी व अन्य समस्याएं उजागर कीं
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। चिनैनी-घोरड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने शनिवार को कस्बे में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की समस्याओं को जल्द हल किया जाए।
कस्बे में आयोजित जनता दरबार में अलग-अलग विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न पंचायतों के लोग मौजूद रहे। लोगों ने कस्बे में गहराए पेयजल संकट का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कस्बे में पानी की किल्लत इतनी बढ़ गई है कि ग्रामीणों को पानी लेने के लिए बावलियों का रुख करना पड़ रहा है। चिनैनी कस्बे में तवी नदी से पानी लिफ्ट किया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि लोग बिल पूरा देते हैं तो उन्हें पानी की सुविधा भी मिलनी चाहिए।
ग्रामीणों ने बताया कि घरों में पानी गंदा आ रहा है। तवी नदी में लगी मशीन के कारण पानी गंदा हो रहा है। यह लोगों की नहीं, विभाग की समस्या है और इसे तत्काल हल किया जाना चाहिए। लोगों को हर रोज पानी की आपूर्ति दी जाए।
जनता दरबार के दौरान लोगों ने सड़कों की खस्ताहाल, स्कूलों में शिक्षकों की कमी, स्कूलों को अपग्रेड करने सहित कई समस्याओं को उजागर किया। उन्हें मांग उठाई की कि जनता से जुड़ी इन समस्याओं को जल्द हल किया जाए।
इस मौके पर विधायक ने जल शक्ति विभाग को सख्ती से निर्देश दिए कि लोगों को पानी की समस्या पेश न आए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। लोगों की अन्य समस्याएं जो जिला स्तर या सचिवालय स्तर पर हल होती होंगी उसे भी जल्द हल करने का विधायक ने आश्वासन दिया ।