उधमपुर। जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुमित मगोत्रा ने लड्डा पहुंचकर स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले चार महीनों से मौंगरी-लड्डा सड़क पूरी तरह टूट चुकी है, जिसके कारण क्षेत्र में बस सेवा बंद है और लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। परिक्रमा रोड का सर्वे घनी आबादी वाले क्षेत्र से न होकर जंगल के रास्ते से कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि कई वर्षों से चली आ रही ऐतिहासिक परिक्रमा यात्रा के मार्ग में भी बदलाव किया जा रहा है, जिसे लेकर लोगों में गहरा आक्रोश है।
उनका आरोप है कि जिला रियासी के कुछ नेता जानबूझकर यह बदलाव करवाना चाहते हैं। इन समस्याओं को सुनने के बाद मगोत्रा ने गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि लड्डा के लोगों के साथ आखिर भेदभाव क्यों किया जा रहा है, क्या इस क्षेत्र के लोग विकास और सुविधाओं के हकदार नहीं हैं। उन्होंने उधमपुर वेस्ट के विधायक पर सवाल उठाते हुए कहा कि विधायक आखिर कहां सोए हुए हैं। उन्हें तुरंत इस मुद्दे को हल करना चाहिए, अन्यथा हमें भी जनता के साथ मिलकर विधायक का विरोध करने पर मजबूर होना पड़ेगा। मगोत्रा ने मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात की और युद्ध स्तर पर मरम्मत व विकास कार्य शुरू करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द काम शुरू नहीं हुआ, तो विभाग को जनता के भारी विरोध का सामना करना पड़ेगा।