उधमपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने मंगलवार दोपहर को नायब तहसीलदार उधमपुर के कार्यालय में नियुक्त अस्थायी कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कर्मचारी ने अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र बनवाने के लिए रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने एसीबी से शिकायत की। एसीबी ने जाल बिछाकर कर्मचारी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। नायब तहसीलदार कार्यालय से रिकॉर्ड भी कब्जे में लिया है।
शिकायत के अनुसार बंसी लाल पुत्र गंगा राम निवासी बड़ाली उधमपुर नायब तहसीलदार के कार्यालय में अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र बनाने के लिए गया था। वहां अस्थायी कर्मचारी राजकुमार निवासी बड़ोला तहसील उधमपुर ने उससे 5500 रुपये रिश्वत की मांग की। दोनों के बीच तय हुआ कि मंगलवार को 1500 रुपये देगा और बाकी की राशि बाद में दी जाएगी। इसी बीच बंसी लाल ने एसीबी से शिकायत की। एसीबी की टीम ने कर्मचारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। दोपहर एसीबी की टीम डीएसपी एसीबी उधमपुर मोहम्मद जफर इकबाल के नेतृत्व में नायब तहसीलदार कार्यालय पहुंची और कर्मचारी को 1300 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम में इंस्पेक्टर विक्रम मन्हास भी शामिल थे। कर्मचारी को गिरफ्तार करने के बाद टीम ने कार्यालय का रिकॉर्ड खंगाला। इस दौरान कई तरह का रिकार्ड जब्त कर टीम शाम करीब पौने पांच बजे कर्मचारी को साथ लेकर रवाना हो गई।