चिनैनी। कोरोना पाबंदियों के चलते करीब सवा महीने से बंद पड़ा गंडोला शुक्रवार से फिर शुरू हो गया है। संगोत से पटनीटॉप गंडोला उत्तर भारत का सबसे ऊंचा गंडोला है। अब हर वीकेंड पर सैलानी गंडोला प्वाईंट पर पहुंच आंनद उठा पाएंगे। शुक्रवार से रविवार तक सुबह 11 से शाम पांच बजे तक गंडोला प्वाईंट खुला रहेगा। सैलानी, मैजिक कारपेट, जिप लाईन केे अलावा रेस्टोरेंट व गंडोले की सैर का आंनद ले सकेंगे। साथ ही गंडोले के जरिए पटनीटॉप की खूबसूरत चोटियों को निहार सकेंगे।
कोरोना कर्फ्यू के चलते संगोत से पटनीटॉप तक चलने वाले गंडोले पर भी ब्रेेक लग गया था। पर्यटन स्थल पटनीटॉप में भी सैलानियों की आमद में एकाएक गिरावट आ गई थी, लेकिन अब अनलॉक प्रक्रिया में इसे फिर से खोल दिया गया।
पटनीटॉप गंडोले की शुरुआत 20 जुलाई 2019 को हुई थी। पिछले साल कोरोना संक्रमण में भी करीब छह माह बाद अक्तूबर में गंडोले की शुरुआत हुई थी लेकिन इस साल कोरोना के चलते करीब सवा महीने बाद गंडोले की शुरुआत से सैलानी उत्साहित नजर आ रहे हैं। हर वीकेंड पर शुक्रवार से रविवार तक गंडोला चलाया जाएगा जिसमें सैलानी देवदरों से सटे पहाड़ की खूबसूरती को निहार सकेंगे । गंडोले के कैबिन में पहले छह लोग सफर कर सकते थे लेकिन कोरोना की पाबंदियों के बाद एक कैविन में कुल चार लोगों के बैठने की ही अनुमति है।