किश्तवाड़। किश्तवाड़ पुलिस ने अपहृत नाबालिग लड़की को दो घंटे के भीतर बरामद कर लिया। अपहरण के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी दोनों युवक जम्मू के रहने वाले हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पुलिस थाना किश्तवाड़ में बिपन लाल निवासी ठाठरी जो वर्तमान में किश्तवाड़ के हटा गांव में रहता है, ने शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी नाबालिग बेटी का किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपहरण कर लिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी किश्तवाड़ शफकत हुसैन भट ने थाना प्रभारी किश्तवाड़ इंस्पेक्टर आबिद बुखारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई। टीम ने दो घंटों के भीतर अपहरण की गई लड़की को शहर से 5 किलोमीटर दूर शालीमार क्षेत्र से बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके एक साथी युवक को भी हिरासत में लिया गया है। आरोपियों की पहचान अंकुश निवासी नरवाल जम्मू और गगनदीप निवासी तालाब तिलो जम्मू के रूप में हुई है। लड़की को मेडकिल और कानूनी औपचारिकताओं के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। एसएसपी ने अपराध को रोकने के लिए जनता से पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई भी पुलिस के साथ अपराध से संबंधित जानकारी साझा कर सकता है।