उधमपुर। पिछले दो दिनों से लगातार मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। जहां वीरवार को दिनभर रुक रुककर हुई हल्की बारिश व हवाएं चलने से तामपान में गिरावट आई थी। वहीं शुक्रवार को दोपहर के समय हुई तेज बारिश व ओलावृष्टि ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। लोग गर्म कपड़े पहने दिखे। ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा है। बारिश से नगर की कई सड़कों, गलियों व नालियों में भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली।
नगर के मुखर्जी बाजार में नालियों की गंदगी सड़कों पर बहती नजर आई, जिससे यहां से गुजरने वाले लोगों को समस्या पेश आई। हालांकि इससे पहले दिन की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई थी। उम्मीद व्यक्त की जा रही थी कि आज दिनभर मौसम साफ रहेगा, लेकिन दोपहर एक बजे के बाद आसमान में घने बादल छा गए और करीब दो बजे के आसपास जोरदार बारिश भी शुरू हो गई। इसके कुछ ही समय पश्चात भारी ओलावृष्टि शुरू होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदलने से ठंड का असर भी काफी बढ़ गया। लगभग एक घंटे तक बारिश व ओलावृष्टि का सिलसिला निरंतर चलता रहा। इसके बाद तेज धूप निकल आई, लेकिन धूप के बीच भी शाम को चार बजे तक रुक रुक कर बारिश होने का सिलसिला चलता रहा। इसके बाद ठंडी हवाएं चलने से सर्दी काफी बढ़ गई। वहीं ओलावृष्टि व जोरदार बारिश होने से कई ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
दिन का अधिकतम तामपान 24.0 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। उधमपुर स्थित एयरफोर्स के मौसम विभाग के मुताबिक आज मौसम में सुधार आएगा।