किश्तवाड़। जिला उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने वीरवार को जिले में तंबाकू मुक्त युवा अभियान-3 का शुभारंभ किया। यह अभियान राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित किया गया है। दो माह तक चलने वाला अभियान केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की राष्ट्रव्यापी पहल का हिस्सा है। इसका शुभारंभ सरकारी मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल बॉयज से किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने छात्र रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसका उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों में तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त शर्मा ने कहा कि तंबाकू का बढ़ता प्रचलन विशेष रूप से युवाओं में चिंता का विषय है। इससे निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस मुहिम को जिले के हर शैक्षणिक संस्थान तक सफलतापूर्वक पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल से की गई है। आगे चलकर इसे कॉलेजों तक भी विस्तारित किया जाएगा।