किश्तवाड़। उपमंडल छात्रू में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में रोष फैल गया। मढ़ क्षेत्र में अपने घर के पास ही अब्दुल लतीफ नामक कारोबारी का वाहन गहरी खाई में जा गिरा। इससे उसकी मौत हो गई। घटना को प्रथम दृष्टया आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अब तक करीब सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले अब्दुल लतीब ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था। इसमें उन्होंने करीब आधा दर्जन लोगों के नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उन्हें लंबे समय से परेशान और धमकाया जा रहा था। वीडियो में उन्होंने कुछ लोगों पर कथित तौर पर उन्हें ओजीडब्ल्यू घोषित करवाने की धमकी देने तथा दुकान खाली करने के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए।
वीडियो में अब्दुल लतीब ने अपने कारोबार और संघर्ष का भी जिक्र किया। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि वह वर्ष 2011 से एक दुकान चला रहे थे और कारोबार से होने वाले लाभ को दोबारा अपने व्यवसाय को बढ़ाने में लगाते रहे। इसके साथ ही वह ठेकेदारी सहित अन्य काम भी करते थे और कड़ी मेहनत कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनके दो बच्चे हैं, जिनकी जिम्मेदारी भी वह स्वयं उठा रहे थे।
वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर लगातार परेशान किए जाने की बात कहते हुए कहा कि इसी परेशानी के कारण वह अपना जीवन समाप्त करने जैसा कदम उठा रहे हैं। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष फैल गया। लोगों ने जग मुगल मैदान तथा छात्रू में प्रदर्शन किया। छात्रू में बाजार बंद रखकर लोगों ने घटना की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया वीडियो में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनकी भूमिका की जांच की जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवार को कानूनी सहायता और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की भी मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परिवार को न्याय मिलने तक वे अपनी आवाज उठाते रहेंगे। घटना को लेकर गुर्जर समुदाय में भी गहरा रोष और दुख देखा गया। समुदाय के लोगों ने कहा कि अब्दुल लतीब अपने परिवार का सहारा थे और मेहनत कर अपना कारोबार खड़ा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समुदाय पहले ही करीब एक माह पूर्व सामने आए एक नाबालिग बच्ची से जुड़े गंभीर आपराधिक मामले से आहत है और अब इस घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। समुदाय के लोगों ने दोनों घटनाओं की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की तरफ से करीब सात लोगों को हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले में सोशल मीडिया पर जारी वीडियो, उसमें लगाए गए आरोपों और घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अब्दुल लतीब को किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा और घटना के लिए किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।