किश्तवाड़। जिला प्रशासन किश्तवाड़ ने जनगणना संचालन निदेशालय जम्मू-कश्मीर के सहयोग से राजकीय बाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किश्तवाड़ में जनगणना 2027 को लेकर क्विज एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रधान जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी पंकज कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को जनगणना के महत्व, डिजिटल माध्यम से आंकड़े एकत्र करने तथा देश के विकास और भविष्य की योजनाओं में जनगणना आंकड़ों की भूमिका के बारे में जानकारी दी।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में 14 से अधिक विद्यालयों तथा क्विज में छह उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों ने भाग लिया। क्विज में प्रथम स्थान एसडीएम पब्लिक स्कूल, द्वितीय बीवीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और तृतीय राजकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किश्तवाड़ ने हासिल किया।
वाद-विवाद में प्रथम स्थान राजकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किश्तवाड़ और इस्लामिया फरीदिया उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया। द्वितीय स्थान असरारिया वैली पब्लिक हाई स्कूल और तृतीय स्थान एसडीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने हासिल किया।
इस अवसर पर विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कार, स्मृति चिन्ह एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को जनगणना जागरूकता के युवा दूत बनकर अपने परिवारों और समुदायों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डीएसईओ सुरेश कुमार शर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक कुमार सहित शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।