किश्तवाड़। मचैल माता की पवित्र छड़ी वीरवार शाम गुलाबगढ़ पहुंची। पवित्र छड़ी के पहुंचते ही पूरा गुलाबगढ़ क्षेत्र मां के जयकारों से गूंज उठा। स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और प्रशासन की ओर से पवित्र छड़ी का भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। स्वागत के दौरान श्रद्धालुओं ने मां चंडी के भजन गाए और जयकारे लगाए।
इससे पहले वीरवार सुबह पवित्र छड़ी को अठोली मंदिर से लेकर पास स्थित चिसूल ज्वाला मंदिर लाया गया, जहां धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ पवित्र छड़ी गुलाबगढ़ के लिए रवाना हुई।
देर शाम पवित्र छड़ी गुलाबगढ़ पहुंची, जहां जगह-जगह स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों ने श्रद्धापूर्वक स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। मां चंडी मचैल के दरबार में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। जानकारी के अनुसार, मचैल में श्रद्धालुओं का आंकड़ा एक लाख तीस हजार से अधिक पहुंच चुका है और वीरवार देर रात तक माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं।
वीरवार को पवित्र छड़ी का रात्रि विश्राम गुलाबगढ़ में हुआ। यहां पूरी रात मां की महिमा का गुणगान और जागरण किया गया। शुक्रवार सुबह पवित्र छड़ी अगले पड़ाव चिसोती गांव के लिए रवाना होगी। वहां विश्राम के बाद शनिवार को पवित्र छड़ी मचैल दरबार पहुंचेगी, जहां धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे।