किश्तवाड़। पवित्र मचैल माता यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां चंडी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में प्रतिदिन भक्तों की लंबी कतारें लग रही हैं और पूरा क्षेत्र जयकारों से सराबोर हो गया है।
दर्शनी दरवाजे के पास वाहनों के ठहराव के लिए विशेष पार्किंग स्थल बनाए गए हैं जहां श्रद्धालु गाड़ियां सुरक्षित खड़ी कर आगे की यात्रा कर रहे हैं। हालांकि गुलाबगढ़ से आगे का सड़क मार्ग सुचारु स्थिति में नहीं है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के जोश में कमी नहीं दिख रही है। लोग लगातार दरबार की ओर बढ़ रहे हैं।
मार्ग में चिकित्सा, स्वच्छ पेयजल और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि माता चंडी के प्रति अटूट श्रद्धा ही उन्हें कठिन रास्तों पर खींच लाती है।