किश्तवाड़। सिगदी बलाना में रविवार सुबह 10 बजे आग लगने से मकान पूरी तरह जल गया। मकान गुलाम दीन पुत्र माया गुज्जर निवासी सिगदी बलाना का है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घरों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने काफी देर तक आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन आग की भयावहता के सामने प्रयास बेअसर साबित हुए और मकान पूरी तरह जल गया।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग का वाहन भी मौके पर पहुंचा। मकान सड़क से लगभग आधा किलोमीटर दूर स्थित होने के कारण दमकल कर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल विभाग ने सड़क से पाइप बिछाकर जल रहे मकान तक पानी पहुंचाया और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक मकान पूरी तरह जल चुका था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।