किश्तवाड़। जिले की एनएचपीसी कॉलोनी में स्थित मानव संसाधन विभाग के कार्यालय भवन में सोमवार तड़के पांच बजे अचानक भीषण आग लग गई। कार्यालय में रखा फर्नीचर, दस्तावेज और पुरानी फाइलें पूरी तरह से जल गईं। हालांकि जो रिकॉर्ड ऑनलाइन प्रणाली में सुरक्षित था और जिसकी प्रतियां अन्य कंप्यूटरों में मौजूद थीं, वह सुरक्षित है।
जानकारी के अनुसार आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के दो वाहन तुरंत मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया।
घटना के दौरान पास में स्थित कुछ स्थानीय मकान और अन्य इमारतें भी खतरे की जद में थीं, लेकिन दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते उन्हें किसी प्रकार का नुकसान नहीं होने दिया गया। मौके पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की टीम भी पहुंची और सहायता के लिए तैनात रही। वहीं एनएचपीसी परिसर की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों के साथ स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद रही। किश्तवाड़ पुलिस थाने के थाना प्रभारी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। विभाग की ओर से अब आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।