किश्तवाड़। मोटर वाहन विभाग ने शनिवार को बस स्टैंड में चालकों, परिवहन कारोबारियों और आम जनता के लिए एक व्यापक सड़क सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान सुरक्षित ड्राइविंग, यातायात नियमों तथा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस पहल का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जिम्मेदार ड्राइविंग को प्रोत्साहित करना, सार्वजनिक स्वास्थ्य को मजबूत करना तथा परिवहन क्षेत्र में नशा मुक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान कई गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें रोड सेफ्टी सिग्नेचर कैंपेन, निःशुल्क फर्स्ट एड किट वितरण, मेडिकल एवं नेत्र जांच शिविर तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लिए मौके पर ही पंजीकरण शामिल रहा।
बेहतर सेवाओं के लिए श्रेष्ठ चालकों को प्रशंसा प्रमाण पत्र एवं ड्राइवर यूनिफॉर्म देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही दो जनहित अभियानों स्वच्छ ट्रांसपोर्ट फॉर किश्तवाड़ और परिवहन क्षेत्र में पशुओं के प्रति दयालु रहें का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान रैपिड ड्रग टेस्ट किए गए और सुरक्षित ड्राइविंग, यातायात नियमों तथा नशे के दुष्प्रभावों पर जागरूकता सत्र भी आयोजित हुए।
उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि मानव जीवन की सुरक्षा में चालकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने मोटर वाहन विभाग के प्रयासों की सराहना की और कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं प्रभावशाली पहलों के लिए सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी किश्तवाड़ की प्रशंसा की।
एआरटीओ ने अपने संबोधन में कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए जिले में सड़क सुरक्षा और चालक कल्याण के लिए उठाए जा रहे विभिन्न कदमों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए किश्तवाड़ एक्ट प्रोडक्शन की ओर से आजिल और उनकी टीम द्वारा एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसमें सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार व्यवहार पर सशक्त संदेश दिया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर जेएंडके बैंक के क्लस्टर हेड खुर्शीद अखून, डीएसपी मुख्यालय डॉ. ईशान गुप्ता, डीएसपी ट्रैफिक फारूक खतीब, बीएमओ किश्तवाड़ डॉ. अनिल शर्मा, लीड बैंक मैनेजर, डीटीआई ट्रैफिक करण सिंह, एमवीआई रॉबिन परिहार सहित परिवहन यूनियन किश्तवाड़ के पदाधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन सभी संबंधित विभागों और हितधारकों द्वारा जिले में सुरक्षित सड़कों और जिम्मेदार परिवहन संस्कृति के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने के संकल्प के साथ किया गया।