किश्तवाड़। जिले में नशे के खिलाफ अभियान की समीक्षा को लेकर जिला स्तरीय एनकॉर्ड (नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर) बैठक हुई। उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने नशा उन्मूलन, नशामुक्ति ढांचे को सुदृढ़ करने और सूचना, शिक्षा एवं संचार अभियान की प्रगति की समीक्षा की। समाज कल्याण विभाग से राजेश शर्मा ने पिछली बैठक के निर्णयों पर हुई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
उपायुक्त ने नशे की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों, प्रभावित आयु वर्ग तथा चिन्हित हॉट स्पॉट् की जानकारी ली। साथ ही विभागों द्वारा अपनाए जा रहे निवारक एवं प्रवर्तन उपाय की जानकारी ली। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी नौ नामित संसाधन व्यक्ति प्रभावी जनजागरूकता सुनिश्चित करें। यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में अनुपस्थिति या लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
एसीआर ने अवगत कराया कि नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में संलिप्त चार व्यक्तियों का विवरण एसएसपी को भेजा गया है तथा नियमानुसार संपत्तियों को फ्रीज और जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि जन औषधि केंद्रों एवं अन्य मेडिकल प्रतिष्ठानों में कंप्यूटरीकृत बिलिंग प्रणाली लागू करने के साथ सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू सेवन पर गंभीर चिंता जताते हुए उपायुक्त ने विशेष फ्लाइंग स्क्वॉड गठित कर चालान की कार्रवाई करने के लिए कहा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि 246 स्कूलों को तंबाकू मुक्त घोषित किया जा चुका है। पाडर में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए एसडीएम और आबकारी एवं कराधान विभाग को संयुक्त अभियान चलाने के लिए कहा। यहां एसएसपी नरेश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।