कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलदेव राज शर्मा ने शुक्रवार को कटड़ा में डडुरा स्थित पंचायत घर का संयुक्त निरीक्षण किया। यहां केंद्रीय विद्यालय कटड़ा की अस्थायी कक्षाएं संचालित की जानी हैं। इसके साथ ही उन्होंने पैंथल स्थित केंद्रीय विद्यालय तक मुख्य सड़क से जाने वाले संपर्क मार्ग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत कार्यों और सड़क निर्माण के लिए जल्द एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए ताकि विधायक क्षेत्र विकास निधि (सीडीएफ) से इन कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई जा सके।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार कटड़ा, ग्रामीण अभियांत्रिकी विभाग (आरईडब्ल्यू) रियासी के कार्यकारी अभियंता, केंद्रीय विद्यालय ज्योतिपुरम के प्रतिनिधि, खंड विकास अधिकारी पैंथल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर स्थानीय निवासी भी उपस्थित थे। क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना और संचालन स्थानीय लोगों तथा अभिभावकों की लंबे समय से मांग रही है। बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में अस्थायी कक्षाएं शुरू करने की तैयारी की जा रही है।