कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी में नवरात्र के दौरान हर सुबह निकाली जाने वाली जीवंत प्रभात फेरियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। ये प्रभात फेरियां कटड़ा के नवरात्रि उत्सव के प्रमुख आध्यात्मिक आकर्षणों में से एक हैं। छठे नवरात्र के अवसर पर मुख्य अतिथि पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक राजेश रैना और विशिष्ट अतिथि पर्यटन अधिकारी डॉ. परीक्षित शर्मा ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार लाल फीता काटकर और नारियल फोड़कर प्रभात फेरी का शुभारंभ किया।
बस स्टैंड श्रीधर चौक से शुरू हुई यह प्रभात फेरी धार्मिक उत्साह से भरे माहौल के बीच आगे बढ़ी। इस शोभायात्रा में मां कात्यायनी और छोटी कन्याओं (कंजकों) तथा भगवान कृष्ण और सुदामा की सुंदर झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। यह शोभायात्रा शिव मंदिर, बाणगंगा रोड, दर्शनी ड्योढ़ी, सीआरपीएफ गेट, हनुमान मंदिर और शीतला माता मंदिर से होते हुए वापस कटड़ा बस स्टैंड पर संपन्न हुई। सीआरपीएफ गेट पर सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट और उनकी टीम ने प्रभात फेरी का गर्मजोशी से स्वागत किया। श्री दुर्गा प्रकाश के नेतृत्व में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ कम्युनिकेशन, चिनार आर्ट फाउंडेशन, सरस्वती संगीत विद्यालय और नमन कल्चरल ट्रूप के समूहों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से इस आयोजन में और रंग भर दिए। चिंतामणि मोहल्ले से बलदेव और उनके समूह ने भी प्रभात फेरी में हिस्सा लिया। प्रभात फेरी के समापन के बाद एसोसिएशन द्वारा एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।