डोडा। जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग एन एच 244 पर डोडा जिले के खलैनी में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं होने का मामला सामने आया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत वर्ष 2018-19 में करीब 4.60 लाख रुपये की लागत से एसएसबी कैंप खलैनी के पास निर्मित सार्वजनिक शौचालय कथित तौर पर अब तक नियमित रूप से चालू नहीं हो पाया है। इससे महिलाओं, छात्राओं, दुकानदारों, वाहन चालकों, पुलिस कर्मियों और यहां आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मुद्दे को उठाते हुए इंडियन यूनाइटेड राजपूत फेडरेशन जेएंडके ट्रस्ट के प्रभारी खलैनी एवं समाजसेवी साहिल राणा ने खंड विकास अधिकारी खलैनी को लिखित शिकायत सौंपकर सार्वजनिक शौचालय को जल्द चालू करवाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि खलैनी सरसी, परयोत, हम्बल, बलानपुर, अस्सर और मरमत क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण जंक्शन है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को खुले स्थानों और नालियों के आसपास शौच जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इससे क्षेत्र में गंदगी फैलने के साथ-साथ स्वच्छता और जनस्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं पैदा हो रही हैं। महिलाओं और लड़कियों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, उनके लिए सुरक्षित और उचित शौचालय की सुविधा बेहद जरूरी है।