कटड़ा। कटड़ा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से संपर्क करने वाले कथित टूरिस्ट गाइडों की गतिविधियां एक बार फिर चर्चा में हैं। रविवार देर रात रेलवे स्टेशन परिसर में कुछ गाइडों की पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई और धक्कामुक्की का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मामले का संज्ञान लेते हुए जीआरपी रेलवे ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन कटड़ा को सुरक्षा की दृष्टि से अति संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। इसके बावजूद स्टेशन क्षेत्र में यात्रियों से संपर्क करने वाले टूरिस्ट गाइडों की बढ़ती संख्या को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कुछ लोग प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर श्रद्धालुओं को रोककर उनके ठहरने और अन्य सुविधाओं के नाम पर अपने साथ ले जाने का प्रयास करते हैं।
बताया गया कि रविवार देर रात भी कुछ गाइड श्रद्धालुओं से संपर्क करने के लिए रेलवे स्टेशन के प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंच गए। पुलिस जवानों ने उन्हें वहां से बाहर जाने के लिए कहा तो विवाद हो गया। इसी दौरान धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट या कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गाइडों के सत्यापन की उठी मांग
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से संपर्क करने वाले गाइडों की पहचान और उनकी गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन परिसर में यात्रियों से संपर्क करने वाले सभी गाइडों का सत्यापन किया जाना चाहिए। उनके पास वैध पहचान-पत्र और आवश्यक अनुमति है या नहीं, इसकी भी जांच जरूरी है। स्थानीय लोगों के अनुसार कटड़ा रेलवे स्टेशन पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में स्टेशन परिसर में अनधिकृत रूप से घूमने वाले लोगों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी आवश्यक है ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत बनी रहे।