कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाले मोबाइल चोर गिरोह का रियासी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। 22 चोरी के मोबाइल फोन और एक टूटा हुआ मंगलसूत्र बरामद किया है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है। मामले में दो आरोपियो को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी पहले से ही इसी तरह के एक अन्य मामले में उप जेल रियासी में बंद हैं।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को लुधियाना निवासी सपना रानी ने थाना कटड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी कि दर्शनी गेट के पास उनका आईफोन-17 प्रो और सैमसंग गैलेक्सी ए-23 चोरी हो गया। शिकायत के आधार पर थाना कटड़ा में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ की गई। 19 जुलाई को केवल कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथी करामत अली निवासी भागता कटड़ा और अजय सिंह निवासी चंबा कटड़ा के साथ मिलकर वैष्णो देवी आने वाले श्रद्धालुओं के मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की। जांच में सामने आया कि करामत अली और अजय सिंह पहले से ही मोबाइल चोरी के एक अन्य मामले में उप जेल रियासी में बंद हैं। पूछताछ के दौरान केवल कुमार ने यह भी खुलासा किया कि वह चोरी किए गए मोबाइल बेचकर नशीले पदार्थ खरीदता था। उसने करीब 25 मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की। इनमें से पांच मोबाइल उसने विनय कुमार निवासी भागता कटड़ा को बेच दिए थे। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से 17 चोरी के मोबाइल फोन और एक टूटा हुआ मंगलसूत्र बरामद किया।
इसके बाद 22 जुलाई को विनय कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर उसके घर से पांच और चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। बरामद मोबाइल फोन और मंगलसूत्र के वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने ऐसे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है जिनके मोबाइल फोन या अन्य कीमती सामान कटड़ा में चोरी हुए हैं, वे स्वामित्व संबंधी प्रमाण के साथ थाना कटड़ा से संपर्क करें ताकि कानूनी प्रक्रिया के तहत उनका सामान वापस किया जा सके।