फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udhampur News: बारिश में पहाड़ी से पत्थर गिरने से डेढ़ घंटे बंद रहा बैटरी कार मार्ग

विज्ञापन
विज्ञापन
कटड़ा। धर्मनगरी सहित मां वैष्णो देवी के दरबार व मार्ग पर शुक्रवार तड़के हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। बारिश के कारण श्रद्धालुओं को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली। हालांकि बारिश के दौरान बैटरी कार मार्ग पर सत्य भोजनालय क्षेत्र में पहाड़ी से कंकड़-पत्थर गिरे। इसके चलते श्राइन बोर्ड प्रशासन ने एहतियातन सुबह करीब साढ़े छह बजे इस मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया।
विज्ञापन

बारिश थमने के बाद श्राइन बोर्ड के सफाई कर्मचारियों, आपदा प्रबंधन दल और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीनों की सहायता से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सुबह आठ बजे मार्ग को पूरी तरह साफ कर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। इसके साथ ही बैटरी कार सेवा भी पुन बहाल कर दी गई, जिससे श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली।
पारंपरिक यात्रा मार्ग पूरे दिन सुचारू रूप से संचालित होता रहा और यात्रा में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं आया। दिनभर कटड़ा और त्रिकुटा पर्वत पर बादलों का जमावड़ा बना रहा तथा ठंडी हवाएं चलने से मौसम खुशनुमा बना रहा। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण कटड़ा से सांझी छत्त के लिए चलने वाली हेलिकॉप्टर सेवा दिनभर प्रभावित रही। हेलिकॉप्टर सेवा का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं को पैदल, घोड़ा, पिट्ठू अथवा पालकी के माध्यम से भवन की ओर रवाना होना पड़ा। वहीं, रखरखाव कार्य के चलते भवन और भैरव घाटी के मध्य संचालित रोपवे केबल कार सेवा फिलहाल बंद है। इसके चलते श्रद्धालु पैदल अथवा अन्य पारंपरिक साधनों के माध्यम से भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर रहे हैं।
विज्ञापन

श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने के लिए यात्रा मार्ग पर श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस, सीआरपीएफ, आपदा प्रबंधन दल तथा सहायता मित्रों की टीमें जगह-जगह तैनात हैं और लगातार यात्रा पर निगरानी रखे हुए हैं।
सुहावने मौसम के बीच श्रद्धालु आरएफआईडी यात्रा कार्ड प्राप्त कर परिवार एवं मित्रों के साथ भवन की ओर प्रस्थान करते रहे। फिलहाल माता वैष्णो देवी की यात्रा पूरी तरह सुचारू बनी हुई है और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। 16 जुलाई को 31,300 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाई थी। वहीं शुक्रवार शाम पांच बजे तक करीब 23 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें