उधमपुर। राष्ट्रीय एकता, महिला सशक्तीकरण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर कन्याकुमारी से काराकोरम तक लगभग 5,000 किलोमीटर की ऐतिहासिक दौड़ पर निकलीं पांच बार की गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक धाविका सोफिया सूफी का उधमपुर में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर डीआईजी उधमपुर-रियासी रेंज ने उनका अभिनंदन किया।
डीआईजी ने कहा कि सोफिया सूफी का यह अभियान महिला सशक्तीकरण का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल खेल तक सीमित नहीं है बल्कि शांति, भाईचारे, राष्ट्रीय एकता, नशामुक्त समाज और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है।
सोफिया सूफी अपने छठे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अभियान के तहत यह दौड़ पूरी कर रही हैं। कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य पर उनकी यह यात्रा भारतीय सेना के उन वीर जवानों को समर्पित है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। अभियान का मुख्य संदेश ''''रन फॉर ड्रीम्स'''' है, जिसके माध्यम से वह लोगों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने और यह विश्वास रखने के लिए प्रेरित कर रही हैं। इस अभियान में सोफिया अपने पति और टीम के अन्य सदस्यों के साथ यात्रा कर रही हैं। उधमपुर में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान सूफिया सूफी को सम्मानस्वरूप चुनरी ओढ़ाई गई तथा ''''ड्रग्स को ना कहें, जिंदगी को हां कहो'''' संदेश अंकित टी-शर्ट भेंट की गई। इसके अलावा जिला प्रशासन उधमपुर और नमामि देविका तीर्थक्षेत्र के सहयोग से संचालित ''''मिशन नीम'''' अभियान के अंतर्गत उन्हें नीम का पौधा भी भेंट किया गया।