कटड़ा। जिला पुलिस रियासी ने कटड़ा व आसपास के इलाकों में नाबालिग बच्चों को भीख मंगवाने के लिए गैर-कानूनी तरीके से किराए पर देने की शिकायत पर कार्रवाई की है। दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया है।
एसडीपीओ कटड़ा के कार्यालय में स्माइल शेल्टर होम रियासी के इंचार्ज मोहम्मद आमिर ने डाक से लिखित शिकायत दी थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि दो महिलाएं नाबालिग बच्चों को भीख मंगवाने के मकसद से किराए पर ले रही हैं। कमाई का 40-50 प्रतिशत हिस्सा आपस में बांट रही हैं। आरोपियों की पहचान शानो देवी पत्नी सरनू निवासी वार्ड-13, मत्याल और लक्ष्मी देवी पत्नी शाबू निवासी थुब, रियासी के रूप में हुई है। कटड़ा थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जिला पुलिस ने चेतावनी दी है कि नाबालिगों का गैर-कानूनी या अनैतिक गतिविधियों के लिए शोषण करते पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा।