कटड़ा। मां वैष्णो देवी के दर्शन के बाद बीसीसीआई अध्यक्ष ने कटड़ा प्रीमियर लीग (केपीएल) के अध्यक्ष अरुण शर्मा के साथ क्रिकेट को लेकर चर्चा की। अरुण शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने के प्रयासों के तहत पांच वर्षों से युवाओं को खेलों विशेषकर क्रिकेट की ओर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कटड़ा प्रीमियर लीग का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि केपीएल आज पहचान बना चुकी है। इसमें आईपीएल में खेल चुके कई नामचीन खिलाड़ी भी भाग ले चुके हैं। बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मनहास ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर, विशेषकर कटड़ा जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थल पर इस स्तर की क्रिकेट लीग का आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मनहास ने कहा कि माता वैष्णो देवी के दर्शन कर मन को अद्भुत शांति मिली। कटड़ा प्रीमियर लीग जैसी पहल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलता है। बीसीसीआई हमेशा जमीनी स्तर पर क्रिकेट को बढ़ावा देने वाली पहलों के साथ खड़ा है।