कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू) के स्कूल ऑफ गणित के बीटेक विद्यार्थियों ने आरवीएस आईग्लोबल, जम्मू कार्यालय का दौरा किया।
इस भ्रमण का उद्देश्य शिक्षण और उद्योग के बीच सहयोग को सुदृढ़ करना तथा विद्यार्थियों को वास्तविक तकनीकी वातावरण का अनुभव प्रदान करना था। आरवीएस आईग्लोबल के मुख्य परिचालन अधिकारी संदीप शर्मा ने विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए उभरती तकनीकों और युवाओं के लिए उपलब्ध भविष्य के अवसरों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस अवसर पर उन्होंने एसएमवीडीयू के प्लेसमेंट विभाग के प्रमुख बीके भाटिया तथा स्कूल ऑफ गणित के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार के साथ बैठक कर प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति, सहायक कार्यक्रमों एवं संभावित भर्ती अभियानों पर सहयोग बढ़ाने के विषय में चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान आरवीएस आईग्लोबल के वरिष्ठ अधिकारियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्लाउड प्रौद्योगिकी तथा साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण तकनीकी क्षेत्रों पर ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियां दीं।