कटड़ा। धर्मनगरी में शनिवार को मजदूर दस्तकार यूनियन के नेता लाल शर्मा ने स्थानीय मजदूरों, दस्तकारों और श्रमिक वर्ग के लोगों के साथ बैठक की। इसमें बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए।
बैठक के दौरान शर्मा ने श्रमिकों को लेबर कार्ड और ई-श्रम कार्ड से जुड़ी सभी योजनाओं और उनके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा संचालित ये दोनों कार्ड मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए बनाए गए हैं। इनके माध्यम से अनेक प्रकार की सुविधाएं और वित्तीय सहायता सीधे श्रमिक वर्ग तक पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने मजदूरों को बताया कि लेबर कार्ड बनवाने से मजदूरों को दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य सहायता, पेंशन लाभ और बच्चों की पढ़ाई के लिए मदद जैसी कई सुविधाएं उपलब्ध होती हैं। ई-श्रम कार्ड में रजिस्ट्रेशन होने से श्रमिक देशभर में किसी भी राज्य में काम करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा किसी हादसे की स्थिति में विशेष आर्थिक सहायता का प्रावधान भी है।
शर्मा ने मजदूरों को जागरूक करते हुए कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ तभी मिल सकता है जब सभी श्रमिक समय रहते अपना कार्ड बनवाएं और जानकारी अपडेट रखें। उन्होंने मौके पर मौजूद युवाओं और मजदूरों को तुरंत पंजीकरण करवाने की अपील की। बैठक में उपस्थित मजदूरों ने भी इस पहल का स्वागत किया और अपने कार्ड बनवाने के लिए प्रशासनिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग रखी। कार्यक्रम का समापन श्रमिकों को जागरूकता सामग्री वितरित करने और उन्हें प्रक्रियाओं की जानकारी देने के साथ किया गया।