कटड़ा। धर्मनगरी में सप्ताहांत पर मां वैष्णो देवी यात्रा में एक बार फिर बढ़ोतरी देखने को मिली। सुबह और शाम के समय ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई।
भक्त मां के जयकारों के साथ निरंतर भवन की ओर प्रस्थान करते दिखाई दिए। प्रशासन के अनुसार शाम 5 बजे तक लगभग 10,000 श्रद्धालु भवन की ओर रवाना हो चुके थे। स्थानीय प्रशासन व श्राइन बोर्ड द्वारा यात्रा को सुचारू बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं। घोड़ा, पिट्ठू, पालकी, हेलिकॉप्टर सेवा, आरएफआईडी कार्ड चेकिंग, चिकित्सा सुविधाएं व सुरक्षा प्रबंध दिनभर सामान्य रूप से जारी रहे।
रास्ते में तापमान में गिरावट के कारण सुबह-शाम हल्की सर्दी बढ़ी, लेकिन श्रद्धालु गर्म कपड़ों के साथ उत्साहपूर्वक मां के दरबार की ओर बढ़ते रहे। यात्रा मार्ग पर यातायात नियंत्रण, लंगर सुविधाएं व पानी की व्यवस्था भी लगातार जारी रही ताकि किसी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो। व्यापारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं के प्रवाह से व्यवसाय और माहौल दोनों में रौनक है।