कटड़ा। धर्मनगरी में सप्ताहांत पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। शुक्रवार शाम 6 बजे तक करीब 13,000 श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के जयकारों के साथ भवन की ओर रवाना हुए जबकि पंजीकरण काउंटर बंद होने में समय शेष था। वीरवार को लगभग 12,400 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए थे। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का खासा माहौल देखने को मिला।
प्रशासन की तरफ से सुरक्षा और सुविधाओं की निगरानी भी दिनभर जारी रही। आरएफआईडी कार्ड चेकिंग, हेलिकॉप्टर सेवा, घोड़ा–पिट्ठू, पालकी और चिकित्सा सहायता केंद्रों पर विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि किसी भी श्रद्धालु को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं, दिनभर मौसम भी साफ रहने के कारण श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य से अधिक दर्ज की गई।
सप्ताहांत नजदीक आते ही श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा साफ दिखाई देने लगा है। होटल–लॉज, धर्मशालाओं और कटड़ा बाजार क्षेत्र में भी थोड़ी भीड़ देखने को मिल रही है। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार सप्ताहांत और छुट्टियों के दौरान यह संख्या और अधिक बढ़ने की संभावना है। यात्रा मार्ग पर तैनात कर्मचारियों के अनुसार अगले दो दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि हो सकती है, जिसे देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों और श्राइन बोर्ड द्वारा अतिरिक्त तैनाती और व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।