कटड़ा में प्रदर्शन करते विहिप के कार्यकर्ता।
- फोटो : katra news
कटड़ा। धर्मनगरी में शुक्रवार दोपहर को मुख्य बस स्टैंड के श्रीधर चौक में विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) सहित अन्य संगठनों ने श्राइन बोर्ड प्रशासन का पुतला फूंककर कड़ा विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि श्राइन बोर्ड मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की सीट आवंटन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। विशेष समुदाय को 50 में से 42 सीटें दी गई हैं, जबकि संस्थान पूर्ण रूप से हिन्दू श्रद्धालुओं के चढ़ावे से संचालित होता है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब मेडिकल कॉलेज श्राइन बोर्ड के अधीन है जो हिन्दू तीर्थस्थल से प्राप्त धन से चलता है तो उस धन का उपयोग हिन्दू समुदाय के हित में होना चाहिए। उनका आरोप है कि सीट आवंटन में पारदर्शिता की कमी है और हिन्दू छात्रों के साथ भेदभाव किया गया है। प्रदर्शन के दौरान विश्व हिंदू परिषद और स्थानीय संगठनों से जुड़े कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें प्रांत सह मंत्री जम्मू–कश्मीर व लद्दाख करन सिंह, विभाग संजोजक प्रमुख परवीन सिंह, ओमकार सिंह, नरिंदर सिंह, अशोक बाली, शिव सेना के प्रधान विजय बाबा, सुजन सिंह, बारीदार संघर्ष समिति के प्रधान शाम सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि आवंटन प्रक्रिया की समीक्षा नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।