रियासी में श्राइन बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन करते व पुतला फूंकते हुए हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता।
- फोटो : reasi news
रियासी। श्री माता वैष्णों देवी श्राइन बोर्ड कटड़ा के खिलाफ शुक्रवार को जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया गया। चेयरमैन का पुतला फूंक कर नारेबाजी की गई। इस दौरान मेडिकल कॉलेज में एक समुदाय विशेष से संबंधित लोगों को ज्यादा सीटें आवंटित किए जाने का विरोध किया गया।
विश्व हिंदू परिषद के बैनर तले हिंदू संगठनों की एक रैली जनाना पार्क से शुरू हुई। मुख्य बाजार से रैली मुख्य चौक पर पहुंची और धरना दिया गया। इस दौरान सभी वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया। मौके पर एसएचओ ललित शर्मा भी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। इस दौरान बजरंग दल के प्रधान राजवीर तरमट, श्री सनातन धर्म सभा के प्रधान ब्रिज मोहन शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता विनोद शर्मा, हिंदू आश्रम के विवेक आनंद ने मेडिकल कॉलेज में सीटों के आवंटन को गलत ठहराया। संगठन के लोगों ने चेतावनी दी कि अगर श्राइन बोर्ड ने अपनी मनमर्जी बंद नहीं की तो आने वाले दिनों में इस से भी उग्र प्रदर्शन होगा।