कटड़ा। मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। पिछले तीन दिनों से मौसम खराब होने और यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित रहने के बाद बुधवार को श्राइन बोर्ड की तरफ से पंजीकरण कक्ष फिर से खोल दिए जाएंगे।
मंगलवार सुबह से ही धर्मनगरी कटड़ा में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है और वातावरण “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा है।
मंगलबार सुबह धूप निकलने के बाद मौसम पूरी तरह साफ रहा। इसके चलते यात्रा बुधवार से आरंभ करने का निर्णय लिया गया। श्राइन बोर्ड अधिकारियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि मौसम विभाग की रिपोर्ट के बाद सुरक्षा जांच पूरी कर ली गई है और अब श्रद्धालुओं को भवन की ओर प्रस्थान की अनुमति दी जा रही है।
श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और मौसम की स्थिति पर नज़र रखें। वहीं प्रशासन ने भी सभी मार्गों और पवित्र गुफा तक जाने वाले रास्तों की सफाई और मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया है। यदि मौसम इसी तरह अनुकूल बना रहा तो आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने की संभावना है।