कटड़ा । श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की तरफ से स्वच्छता सहायकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से 14 से 18 जुलाई तक पांच दिवसीय अमृतसर भ्रमण यात्रा का आयोजन किया गया है। यह यात्रा उन स्वच्छता सहायकों के लिए आयोजित की गई है जो श्राइन बोर्ड क्षेत्र में स्वच्छता और साफ-सफाई बनाए रखने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।
श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशुल गर्ग ने स्वच्छता सहायकों की निष्ठा और परिश्रम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा न केवल उन्हें एक नया अनुभव प्रदान करेगी, बल्कि भारत के बलिदान, आध्यात्मिकता और संघर्ष की विरासत को और गहराई से समझने का अवसर भी देगी। यह पहल उपराज्यपाल (अध्यक्ष, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड) के निर्देशों के अनुरूप की गई है।
अंशुल गर्ग ने बताया कि इस अनुभवात्मक यात्रा का उद्देश्य स्वच्छता सहायकों के मनोबल को बढ़ाना, आपसी सहयोग को प्रोत्साहित करना और उनकी सेवा के प्रति गर्व और अपनत्व की भावना को मजबूत करना है। यात्रा के पहले दल में लगभग 19 स्वच्छता सहायकों एवं उनके परिजनों को सोमवार कटड़ा से श्राइन बोर्ड के संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश शर्मा व अन्य अधिकारियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यात्रा के दौरान समूह स्वर्ण मंदिर (श्री हरमंदिर साहिब), जलियांवाला बाग सहित अन्य प्रमुख स्थलों का भ्रमण करेगा। सभी प्रतिभागियों के ठहरने, खाने-पीने और परिवहन की समुचित व्यवस्था की गई है।