कटड़ा। पुलिस की तरफ से सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत श्राइन बोर्ड स्टेडियम में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इसमें कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं। टी-20 टूर्नामेंट का उद्घाटन एसपी कटड़ा विपन चंद्रन द्वारा किया गया, जो 22 मार्च तक चलेगा। उद्घाटन मैच कडमाल क्रिकेट क्लब और पैथल क्रिकेट क्लब ने जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
टी 20 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच कडमाल क्रिकेट क्लब कटड़ा तथा पेट्रोल पंप क्रिकेट क्लब कटड़ा के बीच हुआ। टॉस जीतकर कडमाल क्रिकेट क्लब ने गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। वहीं बल्लेबाजी करने उतरी पेट्रोल पंप क्रिकेट क्लब ने 19.1 ओवर में 109 रन बनाए। पेट्रोल पंप क्रिकेट क्लब की ओर से बल्लेबाज आमिर ने 52 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और एक छक्का शामिल था। वहीं कडमाल क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाज रोहित ने तीन, दानिश ने दो और मानिक तथा अभिषेक ने एक-एक विकेट हासिल किया। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी कडमाल क्रिकेट क्लब की टीम ने 11.5 ओवर में तीन विकेट खोकर 113 रन बनाकर यह उद्घाटन मैच अपने नाम किया। कडमाल क्रिकेट क्लब की ओर से बल्लेबाज मानिक ने 56 रन बनाए, जिसमें नौ चौके शामिल थे। अरुण ने 26 रन का योगदान दिया, जिसमें पांच चौके शामिल थे। इसी तरह कडमाल क्रिकेट क्लब ने यह उद्घाटन मैच 7 विकेट से जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। कडमाल क्रिकेट क्लब के हरफनमौला खिलाड़ी मानिक को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टूर्नामेंट का दूसरा मैच पैथल क्रिकेट क्लब तथा भवानी क्रिकेट क्लब के बीच हुआ। टॉस जीतकर भवानी क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और पूरी टीम 19.3 ओवर में 104 रन बनाकर आल आउट हो गई। भवानी क्रिकेट क्लब की ओर से बल्लेबाज अरजीत ने 37 रन बनाए जिसमें 4 चौके शामिल थे। बल्लेबाज अनिल ने 29 रन का योगदान दिया जिसमें चार चौके शामिल थे। पैंथल क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाज अजित, अनीश, शुभम, अनूप तथा सनी ने दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी पैथल क्रिकेट क्लब ने मात्र 9.4 ओवर में चार विकेट खोकर 105 रन बनाकर 6 विकेट से यह मैच जीत कर अगले दौर में प्रवेश किया। पैथल क्रिकेट क्लब के हरफनमौला खिलाड़ी अजीत को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।