डोडा। जिला विकास आयुक्त डोडा कृष्ण लाल ने वीरवार को जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की। जिले में 1 नवंबर से 15 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस पखवाड़े के दौरान जनजातीय समुदायों की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को उजागर करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त अनिल कुमार ठाकुर, आईसीडीएस के कार्यक्रम अधिकारी एवं जनजातीय कार्य विभाग के नोडल अधिकारी अख्तर काजी, मुख्य योजना अधिकारी मनीष कुमार मनहास, सहायक आयुक्त विकास दीन मोहम्मद अफाकी, मुख्य शिक्षा अधिकारी भूषण कुमार पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, ठाठरी और भद्रवाह सहित अन्य क्षेत्रों के संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
डीसी कृष्ण लाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रमों को समावेशी और जनभागीदारी पर आधारित बनाया जाए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान, जनजातीय पहचान, लोक संस्कृति, भाषाओं और पारंपरिक ज्ञान को प्रमुखता से सामने लाने पर जोर दिया।
उन्होंने जिला सांस्कृतिक अधिकारी को 15 नवंबर को विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों में निबंध लेखन, चित्रकला, कविता पाठ, प्रश्नोत्तरी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा, ताकि विद्यार्थियों को जनजातीय इतिहास और विरासत के बारे में जानकारी मिल सके।