डोडा। इंडोर स्टेडियम डोडा में चल रही तीन दिवसीय इंटर-डिस्ट्रिक्ट डिविजनल लेवल अंडर-19 बालक कबड्डी प्रतियोगिता सोमवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ संपन्न हो गई। खिताबी मुकाबले में जम्मू की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रामबन को महज दो अंकों के अंतर से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। रामबन की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता का आयोजन युवा सेवा एवं खेल विभाग डोडा की ओर से जम्मू-कश्मीर युवा सेवा एवं खेल निदेशालय के स्वीकृत गतिविधि कैलेंडर के तहत किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन महानिदेशक युवा सेवा एवं खेल जम्मू-कश्मीर अनुराधा गुप्ता के दिशा-निर्देशन, संयुक्त निदेशक युवा सेवा एवं खेल जम्मू इंदरजीत सिंह परिहार के मार्गदर्शन तथा जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी डोडा अशोक कुमार की देखरेख में हुआ।
समापन दिवस पर सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले सेमीफाइनल में जम्मू ने उधमपुर को छह अंकों से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में रामबन ने पुंछ को आठ अंकों से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। जम्मू और रामबन के बीच खेला गया फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे मैच के दौरान बेहतरीन कौशल, टीम भावना, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। अंतिम क्षणों तक मुकाबला कांटे का रहा, लेकिन जम्मू ने दो अंकों की बढ़त कायम रखते हुए खिताब पर कब्जा कर लिया।
समापन समारोह में ज़िला डोडा के मुख्य योजना अधिकारी (सीपीओ) मनीष कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों समेत सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को संभागीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।