रियासी। जिले की तहसील भमाग के ग्रामीण क्षेत्र सरंगदार बक्कल से रियासी की तरफ आ रही मिनी बस बातलगला सुरंग के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हुए।
हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जाता है। मिनी बस का चालक वाहन पर नियंत्रित नहीं रख सका और वह सड़क के बीचोबीच पलट गई। दुर्घटना का पता चलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को अन्य वाहनों के जरिए जिला अस्पताल लाया गया। अस्पताल में दो लोगों को मृत घोषित किया गया। मृतकों की पहचान परस राम निवासी पौंसली और जलशक्ति विभाग में कार्यरत अस्थायी कर्मचारी मदन निवासी सरमेघा के रूप में हुई है।
घायलो की पहचान सब्ज राम निवासी पौंसली, गौरी शंकर निवासी सरमेघा, विशाल ठाकुर निवासी पौंसली, राज कुमार निवासी बक्कल और हर्षदीप सिंह निवासी सेरसुंडवा के रूप में हुई। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार जिला अस्पताल में दिया गया। बाद में दो घायल जम्मू रेफर किए गए। दुर्घटना का पता चलने के बाद घटनास्थल और अस्पताल में लोगों की अच्छी खासी भीड़ इकट्ठा हो गई। अस्पताल पहुंचे नेशनल कांफ्रेंस कार्यकर्ताओं ने असिस्टेंट रिजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिसर के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कहा गया कि मोटर व्हीकल विभाग द्वारा पहाड़ी इलाकों में चलने वाले वाहनों की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ओवरलोड और तेज रफ्तार के कारण दो लोगों की मौत हो गई। अगर मिनी बस सड़क पर नहीं पलटती और एक तरफ मौजूद खाई में गिर जाती तो नुकसान ज्यादा हो सकता था। एडवोकेट दीपक अत्री, पवन भगत, चरण दास डोगरा, तारिक भट्ट ने कहा कि यातायात विभाग की तरफ से कई स्थानों पर नाका लगा कर वसूली की जाती है। सोमवार को हुआ हादसा सरासर विभाग की नालायकी की बजह से हुआ है। लोगों ने हादसे में मारे गए दोनों मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने को कहा। धरने के दौरान तहसीलदार सुरेश सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने नेकां कार्यकर्ताओं से बात की। आश्वासन दिया कि जहां तक संभव होगा मृतकों और घायलों की मदद की जाएगी।