डोडा। जोधपुर में केंद्रीय विद्यालय के स्थायी भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही स्थानीय लोगों में भी खुशी का माहौल है। निर्माण कार्य में जुटी कंपनी के कर्मचारियों के अनुसार भवन को दिसंबर 2026 तक पूरा कर केंद्रीय विद्यालय संगठन को सौंपने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण एजेंसी सीपीडब्ल्यूडी से मिली जानकारी के अनुसार इसमें स्कूल भवन के साथ 9 आवासीय क्वार्टर, चारदीवारी, भूमिगत पानी की टंकी, रिटेनिंग वॉल, संपर्क सड़क, ड्रेनेज, विकास एवं इलेक्ट्रिकल कार्य शामिल हैं। जोधपुर में करीब 40.89 करोड़ रुपये की लागत से केंद्रीय विद्यालय के स्थायी परिसर का निर्माण कार्य ज़ोर शोर से चल रहा है।
स्थानीय निवासी हाकम सिंह ने बताया कि जोधपुर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना क्षेत्र के बच्चों के लिए लंबे समय से एक बड़ी जरूरत थी। उनके मुताबिक, विद्यालय के स्थायी भवन का सपना पूरा होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने घर के नजदीक बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इसका कार्य शुरू होने के बाद ही यहां के बेरोजगार युजाओं को काम भी मिल रहा है।