उधमपुर। देविका परियोजना में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच और खर्च की गई राशि का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग को लेकर जम्मू-कश्मीर पैंथर्स पार्टी इंडिया के युवा विंग का अनशन सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने परियोजना में हुए कार्यों, खर्च किए गए धन और उससे संबंधित मामलों की सीबीआई जांच करवाकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग दोहराई।
अनशन पर बैठे विश्व देव सिंह लगातार पांचवें दिन आंदोलन पर डटे रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देविका परियोजना में हुए कार्यों, खर्च की गई धनराशि और उससे जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका कहना है कि जब तक प्रशासन उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं करता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सोमवार को 24 घंटे के अनशन पर बैठीं मंजू सिंह और नाजिया कटोच ने अपना अनशन समाप्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से देविका परियोजना में 186 करोड़ रुपये लगाए जाने की बात कही जाती है लेकिन जमीनी हालात को देखते हुए जनता खर्च की गई राशि का पूरा हिसाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि राशि कहां और किन कार्यों पर खर्च की गई। इसके बाद सुनील शर्मा और जीवन सिंह ने 24 घंटे के लिए अनशन शुरू किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और महिला विंग के सदस्यों ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देविका परियोजना उधमपुर के लिए महत्वपूर्ण है और वे किसी के खिलाफ नहीं हैं लेकिन देविका परियोजना पर लगे आरोपों में पारदर्शिता जरूरी है। वहीं, तीन दिन से अनशन पर बैठे धुर्मिल ठाकुर को रविवार को अस्पताल भर्ती कराया गया था। सोमवार सुबह अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मांगें पूरी होने और जांच के तथ्य सार्वजनिक होने तक संघर्ष जारी रहेगा।