उधमपुर। सरकारी मिडिल स्कूल ददंयाल में मंगलवार रात चोरों ने रसोई के दरवाजे की कुंडी तोड़कर सिलिंडर चोरी कर लिया। इसके अलावा स्कूल से कुकर, पतीले और अन्य सामान ले जाने का भी प्रयास किया गया लेकिन यह सामान रास्ते में ही छोड़कर चोर फरार हो गए।
स्कूल की हेडमास्टर सोनिका शर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह स्कूल पहुंचने पर रसोई के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली और एक सिलिंडर गायब था। उन्होंने बताया कि मंगलवार को ही सिलिंडर भरवाकर लाया गया था। दूसरे सिलिंडर को ले जाने की कोशिश में वह लीक हो गया, जिसके कारण चोर उसे वहीं छोड़ गए। प्रधानाचार्य ने बताया कि स्कूल में इन्हीं सिलिंडरों से बच्चों के लिए खाना तैयार किया जाता है। ऐसे में सिलिंडर चोरी होने से बच्चों के लिए भोजन तैयार करने की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने बताया कि स्कूल में पहले भी चोरी की कोशिशें हो चुकी हैं। कई बार स्कूल के ताले तोड़े गए लेकिन उन मामलों में अभी तक चोरों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि, यह पहली बार है जब स्कूल से सामान चोरी हुआ है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। प्रधानाचार्य ने बताया कि घटना के संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारी को भी पत्र लिखा गया है और पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।