उधमपुर। शहर के वार्ड नंबर 17 स्थित क्रिश्चियन कॉलोनी में कब्रिस्तान के सामने से गुजरने वाली गली की बदहाली स्थानीय लोगों के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। नालियों की लंबे समय से सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे उठती दुर्गंध ने लोगों का सांस लेना तक दूभर कर दिया है। बारिश के दिनों में स्थिति और भयावह रूप ले लेती है, जब नालियों का दूषित पानी लोगों की रसोइयों तक पहुंच जाता है।
स्थानीय निवासी सरला और राज मसीह का कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से पूरी गली में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। कई स्थानों पर नालियों पर लगी सीमेंट की स्लैब टूट कर ध्वस्त हो चुकी हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। जब सरकारी स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हुई तो मोहल्ले के लोगों ने चंदा एकत्र कर खुद ही अस्थायी मरम्मत करवाई, लेकिन अस्थायी व्यवस्था के कारण कुछ ही दिनों में हालात फिर जस के तस हो गए।
वहीं क्षेत्रवासी जॉय और पूनम ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि घरों के ठीक सामने से गुजर रही मुख्य सीवरेज नाली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बारिश के दौरान पानी के तेज बहाव से मकानों की नींव में कटाव हो रहा है, जिससे हर समय घरों के जमींदोज होने का डर सताता रहता है। इसके साथ ही ठहरा हुआ पानी मच्छरों और संक्रामक बीमारियों की पौधशाला बन चुका है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर गंभीर संकट मंडरा रहा है।
अन्य नागरिकों का आरोप है कि नगर परिषद और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन हर बार महज झूठे आश्वासनों की घुट्टी पिलाकर टाल दिया जाता है। लोगों ने मांग की है कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए नालियों की तुरंत सफाई कराई जाए, टूटी स्लैब बदली जाए और जल निकासी का स्थायी समाधान किया जाए।
कोट
क्रिश्चियन कॉलोनी की इस समस्या को चालू वित्तीय वर्ष की कार्य योजना में शामिल कर लिया गया है। फिलहाल मौसम खराब होने के कारण काम शुरू नहीं हो सका है। जैसे ही मौसम साफ होता है और परिस्थितियां अनुकूल होंगी, तुरंत निर्माण कार्य आरंभ करवा दिया जाएगा।
- सद्दाम हुसैन, सीईओ, नगर परिषद उधमपुर