उधमपुर। लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण स्थगित किए गए ड्राइविंग लाइसेंस ट्रायल टेस्ट अब बुधवार को आयोजित किए जाएंगे। पहले निर्धारित तिथि पर ट्रायल टेस्ट नहीं हो सका था। इसके बाद परिवहन विभाग ने बुधवार को निर्धारित समय और तय स्थान पर सभी संबंधित अभ्यर्थियों को ट्रायल टेस्ट में शामिल होने के निर्देश दिए हैं।
एआरटीओ मुद्दसिर इकबाल ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों का ट्रायल टेस्ट पहले बारिश के कारण रद्द किया गया था, वे सभी निर्धारित समय पर पहले से तय ट्रायल स्थल पर उपस्थित होकर टेस्ट देंगे। विभाग ने बताया है कि सभी अभ्यर्थियों को ट्रायल टेस्ट के लिए अपने आवेदन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आने होंगे। दस्तावेजों की जांच के बाद ही उन्हें ट्रायल टेस्ट में शामिल किया जाएगा। सभी उम्मीदवारों से निर्धारित समय का पालन करने और समय से पहले ट्रायल स्थल पर पहुंचने की अपील की गई है ताकि पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह ट्रायल टेस्ट पिछले सप्ताह के उन अभ्यर्थियों के लिए आयोजित किया जा रहा है जिनका टेस्ट पहले प्रतिकूल मौसम और भारी बारिश के कारण स्थगित किया गया था। सभी अभ्यर्थियों को निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित पहुंचने की अपील की है।