उधमपुर। लगातार पांच दिनों तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। समरोली, शारदा माता, धरमथल सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पत्थर गिरने और भूस्खलन के खतरे के चलते दूसरे दिन भी हाईवे पूरी तरह बंद रहा। इससे यातायात और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। हालात को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।
हाईवे बंद होने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। हजारों छोटे-बड़े वाहन घंटों सड़क किनारे खड़े हैं और चालक तथा यात्री बारिश थमने और मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं। लगातार खराब मौसम के कारण कई लोगों को खाने-पीने और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संबंधित विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीमें मशीनों के जरिये सड़क से मलबा हटाने का काम लगातार कर रही हैं, लेकिन बीच-बीच में हो रही बारिश और लगातार गिर रहे पत्थर राहत कार्याें में बाधा बन रहे हैं।
कोट
मैं अपने परिवार के साथ कश्मीर घूमने आया था, हम बुधवार शाम को यहां पहुंचे थे, लेकिन बारिश के कारण रास्ता भी बंद है। खाने-पीने का कोई भी साधन नहीं मिल रहा है। हमारे साथ बच्चे और महिलाएं भी हैं। इसके चलते काफी परेशानी हो रही है।
- राकेश तिवारी, तेलंगाना
कश्मीर घूमने जा रहे हैं, लेकिन बारिश के कारण रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। उम्मीद है कि मौसम में सुधार होते ही तेजी से मलबा हटाकर राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए बहाल किया जाएगा।
- बंसी लाल, हैदराबाद
बारिश के चलते पिछले चार दिनों से यहीं पर रुका हूं। सारी व्यवस्था अच्छी है लेकिन मेरा फोन चोरी होने के कारण घरवालों से संपर्क करने में दिक्कत हो रही है।
- गुलशन कुमार, बिहार
हम पहली बार अमरनाथ जा रहे हैं और तीन दिनों से यहां रुके हुए हैं लेकिन रास्ता खराब होने के कारण जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। बाबा के दर्शन भाग्य में नहीं होंगे तो मां वैष्णो के दर्शन कर लौट जाएंगे।
- मूल शंकर, नैनीताल
वर्जन
जब तक हाईवे पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं की जाएगी। लोगों से अपील है कि बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा करने से बचें। यात्रा करने से पहले मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। - -एजाज मिर्जा, डीटीआई