पत्थर गिरने और मलबा से यातायात प्रभावित, आवागमन बहाल करने में जुटा प्रशासन
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिले में लगातार हो रही मूसलधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। वहीं, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर पत्थर गिरने और मलबा गिरने से यातायात प्रभावित हो रहा है। कई संपर्क सड़कें बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात को देखते हुए प्रशासन लगातार सड़कें साफ कराने और यातायात बहाल करने में जुटा हुआ है।
बारिश और भूस्खलन के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करना चुनौतीपूर्ण बन गया है। जिले के शारदा माता, खैरी, टोलडी नाला, समरोली, और थरड क्षेत्र समेत कई संवेदनशील स्थानों पर पहाड़ियों से पत्थर गिरने लगे हैं और मलबा सड़क पर आ गिरा रहा है। इसके चलते मंगलवार सुबह सुरक्षा को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ घंटों के लिए वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई। मौसम में थोड़ी राहत मिलने और सड़क से मलबा हटाने के बाद सुबह करीब 11 बजे से एकतरफ वाहनों को रवाना किया गया।
फिलहाल केवल घाटी से जम्मू की ओर जाने वाहनों को ही जाने की अनुमति दी जा रही है, जबकि घाटी की ओर केवल हल्के मोटर वाहनों को छोड़ा जा रहा है और अन्य वाहनों को सुरक्षा कारणों से रोक दिया गया है। वहीं, जिले के कोल्डी, बरमीन सहित कई लिंक रोड भी पूरी तरह बंद हो गए हैं। इससे स्थानीय लोगों का संपर्क कई क्षेत्रों से कट गया है। उन्हें दैनिक आवाजाही, जरूरी कामकाज और आपातसेवाओं तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि प्रशासन और संबंधित एजेंसियां लगातार मौके पर मौजूद रहकर जेसीबी से सड़कों से मलबा हटाने का काम कर रही हैं, ताकि यातायात जल्द से जल्द सामान्य हो सके लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। इस संबंध में डीटीआई एजाज मिर्जा ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा पर निकलने से पहले सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य लें।
उधमपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ियों से पत्थर और मलबा सड़क पर आ गिरा। संवाद।