उधमपुर। नेशनल कॉन्फ्रेंस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर भगत सिंह पार्क से उपायुक्त कार्यालय तक विरोध रैली निकाली। खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पार्टी के अध्यक्ष सुनील वर्मा ने कहा कि खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी यह दर्शाती है कि जम्मू-कश्मीर की जनता अपने अधिकारों और राज्य के दर्जे की बहाली को लेकर गंभीर है। प्रदर्शन की शुरुआत भगत सिंह पार्क से हुई, जहां बड़ी संख्या में पार्टी नेता, युवा, महिलाएं व कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद प्रदर्शनकारी मार्च करते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के आह्वान पर देशभर में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं और दिल्ली में भी वरिष्ठ नेता, सांसद एवं अन्य पदाधिकारी प्रदर्शन कर रहे हैं।
नेताओं ने आरोप लगाया कि 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त कर उसे दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित कर दिया गया। इससे प्रदेश की पहचान और सांविधानिक अधिकार प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने संसद और देश की जनता को जल्द पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने का आश्वासन दिया था, लेकिन वर्षों बीत जाने के बावजूद यह वादा पूरा नहीं हुआ। वक्ताओं ने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और विधानसभा चुनाव भी संपन्न हो चुके हैं, इसके बावजूद जम्मू-कश्मीर को अब तक राज्य का दर्जा नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ रही है, उद्योग-धंधे प्रभावित हुए हैं, युवाओं का भविष्य अनिश्चित है और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं से छात्रों का भरोसा भी कमजोर हुआ है। नेशनल कान्फ्रेंस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जम्मू-कश्मीर को जल्द पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल नहीं किया गया तो पार्टी अपना जन आंदोलन और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगी और जब तक राज्य का दर्जा बहाल नहीं होता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।