उधमपुर। श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान बाबा बर्फानी के श्रद्धालुओं की सेवा एवं सुविधा के उद्देश्य से एनएच-44 मलहार क्षेत्र में तीन वर्षों से संचालित किए जा रहे लंगर एवं विश्राम स्थल का इस वर्ष भी शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। यहां श्रद्धालुओं के लिए भोजन, आवास तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
लंगर व्यवस्था का शुभारंभ एडवोकेट सुहानी कटोच की तरफ से विधिवत तरीके से किया गया। उन्होंने बताया कि यह सेवा पिछले तीन वर्षों से लगातार श्रद्धालुओं को समर्पित की जा रही है और इस वर्ष भी यात्रियों के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। लंगर स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल, रहने की सुविधा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं ताकि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े। सेवा शिविर में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए स्वयंसेवकों की विशेष टीम भी तैनात की गई है और सुरक्षा के लिए सेना के जवान भी तैनात किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य और पुण्य का कार्य है। उन्होंने सभी सहयोगियों और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही इस प्रकार की व्यवस्थाओं को सफल बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाए और बाबा बर्फानी से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।