उधमपुर। शहर के वार्ड 6 सलाथिया चौक में बुधवार देर रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से लोहे का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया। इससे इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। घटना के बाद वीरवार को विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बहाली का कार्य शुरू किया।
वीरवार को बिजली के खंभे को दुरुस्त करने के लिए विभाग को हैवी क्रेन की मदद लेनी पड़ी। इससे कुछ देर के लिए सलाथिया चौक पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही। बिजली विभाग के एईई अनुज गुप्ता ने बताया कि देर रात एक अज्ञात वाहन बिजली की तारों से टकरा गया। इसके कारण खंभा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया जबकि इसी स्थान पर दो से तीन अन्य खंभे भी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। विभाग द्वारा पहले मुख्य क्षेत्र की बिजली आपूर्ति को बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद क्षतिग्रस्त खंभों और प्रभावित ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत का कार्य किया जाएगा। मरम्मत कार्य के चलते बुधवार से वीरवार दोपहर 4 बजे तक सलाथिया चौक व आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।