उधमपुर। मौसम में लगातार बदलाव और लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण इन दिनों सूखी ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट के साथ वातावरण में नमी की कमी लोगों की सेहत पर असर डाल रही है। इस मौसम में जहां सर्दी-जुकाम, खांसी, गले में खराश और सांस संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है, वहीं त्वचा भी रूखी और बेजान होने लगती है। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को खानपान के साथ-साथ त्वचा और शरीर की देखभाल को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह देते हैं।
सूखी ठंड के दौरान वातावरण में नमी कम होने से नाक, गला और सांस की नलियों की अंदरूनी परत सूखने लगती है। इससे गले में जलन, खराश, सूखी खांसी, नाक बंद होना और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। इसके अलावा वायरल संक्रमण और फ्लू का खतरा भी बढ़ सकता है। अस्थमा, ब्रोंकाइटिस और पहले से सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को इस मौसम में अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है। वहीं, सूखी ठंड का असर त्वचा पर भी साफ दिखाई देने लगता है। वातावरण में नमी की कमी के कारण त्वचा अपनी प्राकृतिक नमी खोने लगती है, जिससे त्वचा रूखी, खुरदरी और बेजान हो सकती है। कई लोगों को हाथों, पैरों, चेहरे और होंठों पर रूखापन, खुजली, जलन और त्वचा फटने जैसी परेशानियां होने लगती हैं। जिन लोगों की त्वचा पहले से संवेदनशील या शुष्क है, उन्हें इस मौसम में अधिक परेशानी होती है।
इस दौरान नहाने और हाथ-मुंह धोने के लिए पानी के तापमान को लेकर भी सावधानी बरतना जरूरी है। कई लोग कभी बहुत गर्म तो कभी ठंडे पानी का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, बहुत गर्म पानी से नहाने पर त्वचा का प्राकृतिक तेल कम हो सकता है, जिससे रूखापन और खुजली बढ़ सकती है। वहीं, अचानक बहुत ठंडे पानी का इस्तेमाल करने से कुछ लोगों को असहजता महसूस हो सकती है। इसलिए नहाने के लिए सामान्य या हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है। नहाने के तुरंत बाद मॉइस्चराइजर लगाने से त्वचा की नमी बनाए रखने में मदद मिलती है।
कोट
सूखी ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, गर्म कपड़े पहनना, घर के अंदर हवा में नमी बनाए रखना और धूल-धुएं से बचना जरूरी है। त्वचा की देखभाल के लिए नियमित रूप से मॉइस्चराइजर और होंठों पर लिप बाम का इस्तेमाल करना चाहिए। वहीं, लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी, त्वचा में अधिक खुजली या जलन होने पर लापरवाही करने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
-ओवेस खान, यूनियन रेजिडेंट मेडिसिन।